World
रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए भारत का ये प्लान काम करेगा?
🔴 Breaking
भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध के तत्काल खतरों को कम करने के लिए तीन हिस्सों वाली युद्धविराम योजना प्रस्तावित की है। जानिए इसमें क्या है और इससे शांति की उम्मीद क्यों बढ़ी है।
भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के मुताबिक, भारत अब केवल युद्ध खत्म करने की पैरोकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि रूस और यूक्रेन दोनों के साथ सीधे संवाद कर समाधान तलाशने की कोशिश कर रहा है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने युद्ध से पैदा होने वाले तत्काल खतरों को कम करने के लिए तीन हिस्सों वाली युद्धविराम योजना का प्रस्ताव रखा है। इस योजना में सबसे पहले ऊर्जा और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने की बात कही गई है, ताकि बिजली संयंत्रों और ऊर्जा केंद्रों को नुकसान से बचाया जा सके। दूसरे हिस्से में ब्लैक सी के बंदरगाहों से अनाज और ऊर्जा जैसी जरूरी वस्तुओं की आवाजाही जारी रखने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य संघर्ष के बावजूद आवश्यक सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाए रखना है। तीसरे हिस्से में ब्लैक सी में कमर्शियल शिपिंग पर होने वाले हमलों को रोकने का प्रस्ताव शामिल है। भारत की योजना की खास बात यह है कि उसने इन तीनों मुद्दों को एक साथ जोड़ा है, जबकि पहले युद्धविराम प्रस्तावों में इन्हें अलग-अलग मुद्दों के रूप में देखा जाता रहा है। जयशंकर ने कहा कि भारत लंबे समय से युद्ध खत्म करने की वकालत करता रहा है और अब रूस तथा यूक्रेन दोनों से बातचीत कर मदद करने की कोशिश कर रहा है। माना जा रहा है कि यदि दोनों पक्ष प्रस्ताव के इन पहलुओं पर सहमत होते हैं, तो तनाव कम करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता खुल सकता है।